July 2, 2026

गरुड में कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन


बागेश्वर, गरुड ।  मोहन सिंह मेहता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ से चिकित्सकों का दबादला होने पर कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क गए हैं। कांग्रेसियों ने नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और शीघ्र अस्पताल में चिकित्सकों की नियुक्ति करने की मांग की। ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एतिहासिक गांधी चबूतरे पर एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंकते हुए कहा कि बैजनाथ अस्पताल बदहाल हो गया है। यह महज एक रेफर सेंटर बनकर रह गया है। यहां गरुड़ तहसील के अलावा गढ़वाल के ग्वालदम, थराली, देवाल आदि इलाकों से भी लोग पहुंचते हैं।उन्होंने कहा कि चिकित्सक न होने से लोग इलाज के लिए बाहर जाने को मजबूर हैं। प्रदेश सरकार चिकित्सकों की नियुक्ति करने के बजाय यहां से चिकित्सकों का तबादला कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने बैजनाथ अस्पताल को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा देने की कोरी घोषणा कर जनता को बरगलाने का काम किया है। उन्होंने शीघ्र चिकित्सकों की नियुक्ति करने और बैजनाथ को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा दिए जाने की मांग की। इस दौरान एससी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रकाश कोहली, एडवोकेट हरीश भट्ट, सुंदर चुनेरा, गिरीश तिवारी, एसपी सिंह, टीका, भरत पासवान, संजय कुमार, मोहन गिरी आदि मौजूद थे।