लगातार दूसरे दिन भी बंद रहेंगे विद्यालय, भारी बारिश के चलते प्रशासन ने बढ़ाई छुट्टी
बागेश्वर। जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार दूसरे दिन भी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार 2 जुलाई 2026 को जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय तथा निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में शिक्षण कार्य पूर्णतः स्थगित रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क अवरोध और नदियों-गधेरों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका बनी हुई है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि विद्यालयों में तैनात प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं अन्य कार्मिक पूर्व निर्धारित आदेशों के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें। लगातार दूसरे दिन अवकाश की घोषणा से अभिभावकों को राहत मिली है, वहीं प्रशासन ने साफ किया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी उचित निर्णय लिया जाएगा।
