July 5, 2026

अवैध ले ऑफ के खिलाफ भगवती के श्रमिकों ने किया प्रदर्शन


रुद्रपुर ।  सिडकुल पंतनगर स्थित भगवती प्रोडक्ट्स लिमिटेड में घोषित ले ऑफ के विरोध में शुक्रवार को भगवती इम्पलाइज यूनियन के बैनर तले श्रमिकों ने फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद श्रमिकों ने उप श्रमायुक्त को ज्ञापन सौंपकर ले ऑफ को तत्काल समाप्त कराने, प्लांट दोबारा संचालित कराने और सभी श्रमिकों की कार्य बहाली की मांग उठाई। ज्ञापन में श्रमिकों ने कहा कि कंपनी में न्यूनतम वेतन लागू करने और श्रमिकों की कुशल श्रेणी बहाल करने को लेकर औद्योगिक विवाद पहले से लंबित है। इसी बीच प्रबंधन ने नोटिस चस्पा कर एक जुलाई 2026 से लंबी अवधि के लिए लेऑफ घोषित कर दिया, जिससे पहले से कम वेतन पर काम कर रहे श्रमिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। यूनियन ने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 में भी प्रबंधन ने 303 श्रमिकों की छंटनी और 47 श्रमिकों को अवैध लेऑफ पर भेज दिया था। यह मामला औद्योगिक न्यायाधिकरण, उच्च न्यायालय और बाद में उच्चतम न्यायालय तक पहुंचा, जहां जुलाई 2023 में समझौते के बाद प्लांट दोबारा शुरू हुआ था। श्रमिकों का आरोप है कि प्लांट शुरू होने के बाद प्रबंधन ने सुनियोजित तरीके से उत्पादन कम किया और ग्राहकों का कच्चा माल भी पंतनगर इकाई से दूसरे प्लांट भेज दिया। इसके बाद मनगढ़ंत कारण बताकर दोबारा लेऑफ घोषित कर दिया गया, जो पूरी तरह गैरकानूनी है। यूनियन ने उप श्रमायुक्त से मामले में औद्योगिक विवाद कायम कर अवैध लेऑफ समाप्त कराने, प्लांट का संचालन दोबारा शुरू कराने और सभी प्रभावित श्रमिकों को तत्काल काम पर वापस लेने की मांग की है।।