Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों पर बागेश्वर पुलिस की सख्ती, पांच का चालान; शांति भंग करने के आरोप में एक गिरफ्तार

बागेश्वर। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बागेश्वर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने पांच लोगों का चालान किया, जबकि शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार हाल के दिनों में सड़क किनारे सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन किए जाने से संबंधित एक मामला सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। मामले का संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए गए पांच व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर लोक व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

इसी क्रम में पुलिस को सार्वजनिक स्थान पर हंगामा किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शांति व्यवस्था भंग कर रहे शिवम उर्फ बंटी, निवासी बागनाथ वार्ड, बागेश्वर को हिरासत में लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को शांति भंग की आशंका के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

बागेश्वर पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करने तथा किसी भी प्रकार का हुड़दंग या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement