July 4, 2026

उत्तराखंड की महिलाओं को भी मिले सम्मान राशि: आप


देहरादून ।  आम आदमी पार्टी ने पंजाब की तरह उत्तराखंड में भी महिलाओं को एक हजार रुपये मासिक सम्मान राशि देने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध चिंताजनक हैं। कॉन्वेंट रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को हुई प्रेस वार्ता में पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार हर महिला को 1000 रुपये और हर दलित महिला को 1500 रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि दे रही है। इससे पंजाब की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं। लेकिन उत्तराखंड में भाजपा ने चुनाव से पहले महिलाओं से जो वादा किया था, वह सत्ता में आते ही भूल गई।उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। पहाड़ से मैदान तक बेटियां असुरक्षित हैं। पुलिस थानों में सुनवाई नहीं होती, हेल्पलाइन नंबर नहीं उठते। अंकिता भंडारी हत्याकांड को तीन साल से ज्यादा हो गए हैं, परंतु आज तक वीआईपी के नाम का खुलासा नहीं हुआ। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। कहा कि राज्य के हर जिले में महिला सुरक्षा के लिए कमांड सेंटर बनाया जाए। 112 हेल्पलाइन का रिस्पॉन्स टाइम 10 मिनट तय हो।