सितंबर तक बनकर तैयार होगा केंद्रीय विद्यालय भवन, डीएम ने किया निरीक्षण; गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा
बागेश्वर। जनपद में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने शनिवार को कांडा रोड स्थित गाड़गांव-कांडाधार में निर्माणाधीन केंद्रीय विद्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि भवन का निर्माण सितंबर माह तक हर हाल में पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य का विस्तृत अवलोकन करते हुए कार्यदायी संस्था के अभियंताओं से प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन भविष्य की पीढ़ी के निर्माण का आधार है, इसलिए प्रत्येक निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र आधुनिक सुविधाओं से युक्त शैक्षणिक परिसर उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रस्तावित आवासीय कॉलोनी, खेल मैदान, प्रशासनिक भवन, कक्षा-कक्षों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिसर के समग्र विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीपीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता मुकेश कुमार चुनेरा ने बताया कि कांडाधार में 1.6 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 27.72 करोड़ रुपये की लागत से केंद्रीय विद्यालय भवन का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक लगभग 96 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य सितंबर माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सीपीडब्ल्यूडी के अभियंता दीपक चमोली, केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर तिवारी, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता भुवन चंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
