Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

पीएमजीएसवाई कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, सभी परियोजनाएं समयबद्ध पूरी हों: डीएम अपूर्वा पाण्डे

बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में बुधवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत संचालित एवं लंबित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माणाधीन सड़कों, प्रस्तावित मोटर मार्गों तथा आपदा से प्रभावित मार्गों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही और अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगा। साथ ही निर्माण कार्यों की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट तथा डीपीआर की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक 15 दिन में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने प्रभावित मार्गों की तत्काल मरम्मत कर आवागमन शीघ्र बहाल करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता अंबरीश रावत ने बताया कि फेज-1 और फेज-2 के 241 स्वीकृत कार्यों में से 240 पूरे हो चुके हैं, जबकि एक सेतु निर्माणाधीन है। फेज-3 के 12 कार्यों में से 5 पूर्ण और 7 प्रगति पर हैं। वहीं पीएमजीएसवाई-4 के तहत जनपद में 27 नए मोटर मार्ग प्रस्तावित हैं। इसके अलावा जीएसएस ऐप के माध्यम से 112 बसावटों का सर्वे किया गया है तथा वर्ष 2025-26 में 23 नए मोटर मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।

Advertisement