July 10, 2026

14 जुलाई से शुरू होंगे खिलाड़ी चयन ट्रायल, चयनित खिलाड़ियों को मिलेगी छात्रवृत्ति व खेल किट सहायता

बागेश्वर। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना एवं मुख्यमंत्री प्रोत्साहन खिलाड़ी योजना के तहत जिले के 8 से 23 वर्ष तक के प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन के लिए 14 जुलाई से ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ियों को मासिक छात्रवृत्ति के साथ खेल किट खरीदने हेतु आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।

जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चयन प्रक्रिया की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रभारी खेल अधिकारी किरण नेगी ने बताया कि उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 150 बालक और 150 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी।

वहीं मुख्यमंत्री प्रोत्साहन खिलाड़ी योजना के अंतर्गत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2,000 रुपये की छात्रवृत्ति के साथ 10 हजार रुपये की खेल किट सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रायल से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं तथा चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो। उन्होंने ट्रायल स्थलों पर पेयजल, शौचालय, प्राथमिक उपचार सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

प्रभारी खेल अधिकारी ने बताया कि ट्रायल में सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। पंजीकरण एवं ट्रायल के समय आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। न्याय पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ी विकासखंड और उसके बाद जिला स्तर के ट्रायल में भाग लेंगे।