Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

डांग-धारी मोटर मार्ग पर अधूरा निर्माण कार्य बना जान लेवा, पैदल चलना भी हुआ मुश्किल


पौड़ी ।  विकासखंड के करीब 20 से अधिक गांवों और पांच लिंक मार्गों को जोड़ने वाला डांग-धारी मोटर मार्ग के अधूरे निर्माण कार्य के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। हॉटमिक्स कार्य से पहले सड़क पर किए गए अधूरे निर्माण, जगह-जगह पड़े मलबे, उखड़ी सड़क, गहरे गड्ढों और फिसलन के कारण बारिश के दौरान वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर की ओर से डांग-धारी मोटर मार्ग के करीब 15 किमी भाग पर 6.97 करोड़ रुपये की लागत से अप्रैल में हॉटमिक्स का कार्य शुरू हुआ था। यह मार्ग डांग, रणकंडियाल, झिरकोटी, कमांद, खोला, खर्क, कोटी, डुंगरा, थापली, पारकोट, धारकोट और धारपंयाकोटी सहित 20 से अधिक गांवों के हजारों लोगों की आवाजाही का प्रमुख मार्ग है। इसके अलावा पांच संपर्क मार्ग भी इसी सड़क से जुड़े हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्य शुरू होने के बाद सड़क के सबसे अधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों को सुधारने के बजाय अपेक्षाकृत ठीक हिस्सों पर ही हॉटमिक्स कर दिया गया। वहीं, जिन स्थानों पर सड़क की हालत सबसे खराब थी, वहां निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। इससे सड़क पहले की तुलना में और अधिक बदहाल हो गई है। स्थानीय निवासी बीरबल सिंह डुंगरियाल ने बताया कि जब ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए तो ठेकेदार ने सड़क के सबसे खराब हिस्से को छोड़कर बाकी स्थानों पर काम कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर मलबा और पत्थर फैले हुए हैं और गहरे गड्ढे बन गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार पहलगांव, कमांद, गुजरोखाण, ठकरोजा बैंड और डांग के आसपास सड़क की स्थिति सबसे अधिक खराब है। बरसात के दौरान इन स्थानों पर फिसलन के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से तत्काल सड़क पर पड़े मलबे और पत्थरों को हटाने, गड्ढों की मरम्मत कराने तथा बरसात समाप्त होने के बाद शेष मार्ग पर गुणवत्तापूर्ण हॉटमिक्स कार्य पूरा कराने की मांग की है।
—-
मार्ग पर बरसात के बाद हॉटमिक्स का कार्य शुरू कर जल्द पूरा किया जाएगा। जिन स्थानों पर मार्ग खराब है वहां मशीन भेजकर आवागमन सुचारू करने के लिए ठेकेदार को आदेश जारी किए जा रहे हैं।  – जेपी थपलियाल, अधिशासी अभियंता लोनिवि कीर्तिनगर।

Advertisement