Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026

हरेला पर्व पर बागेश्वर पुलिस का हरित संकल्प, एसपी जितेन्द्र मेहरा ने किया वृहद वृक्षारोपण

बागेश्वर। हरेला पर्व के अवसर पर बागेश्वर पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनपदभर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। “एक पेड़ माँ के नाम” थीम पर आयोजित इस अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) ने पुलिस लाइन बागेश्वर में स्वयं पौधा लगाकर किया।

इस अवसर पर एसपी मेहरा ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखना और विकसित होने तक उनकी देखभाल करना भी प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और अपने लगाए पौधों की नियमित देखरेख करने का आह्वान किया।

पुलिस लाइन परिसर में पुलिस उपाधीक्षक कपकोट मनीष शर्मा, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक अंकित थपलियाल सहित अन्य अधिकारियों और जवानों ने फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। अभियान के तहत पुलिस कार्यालय, सभी थाना-चौकियों, फायर स्टेशन और संचार शाखा में भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया।

बागेश्वर पुलिस ने स्थानीय लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए हरेला पर्व पर अपने घरों के आसपास कम से कम दो पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। पुलिसकर्मियों ने संकल्प लिया कि प्रत्येक जवान अपने लगाए पौधों के विकसित होने तक उनकी जिम्मेदारी स्वयं निभाएगा।

हरेला पर्व पर बागेश्वर पुलिस का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बनकर सामने आया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में जनपद पुलिस के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Advertisement