पांच दिन बाद असों में मिला सरयू में बहे मासूम का शव
बागेश्वर । कपकोट के शिवालय क्षेत्र से 20 जुलाई को सरयू नदी में बहे लाहुर गांव निवासी मासूम राकेश सिंह का शव शुक्रवार को घटना के पांच दिन बाद असों में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के सामने बरामद हुआ। घास काटने गई महिला ने शव देखकर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद 112 के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी गई। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की रेस्क्यू टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मालूम हो कि राकेश अपनी मां के साथ 20 जुलाई को शिव मंदिर आया था। पानी भरते समय वह सरयू नदी में बह गया था। उसे बचाने के लिए स्थानीय युवक रोशन गड़िया ने नदी में छलांग भी लगाई थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना के बाद से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रहे थे। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
– कपकोट में मासूम के नदी में बहकर मरने की घटना बहुत दुखद है। सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। परिवार को हर संभव आर्थिक मदद दी जाएगी। – सुरेश गड़िया, विधायक कपकोट
