गरुड में हड़कंप : रैबीज से तीन भैंसों की मौत, पशुपालक दहशत में
गरुड, बागेश्वर । तहसील के जैंसर और सीमार गांव में रैबीज से तीन भैंसों की मौत से पशुपालक दहशत में आ गए हैं। भैंस के दूध की चाय और दूध पीने वाले 20 लोगों को भी रैबीज के टीके लगे हैं। साथ ही पांच जानवरों को भी टीके लगाए गए हैं। पशुपालन विभाग की टीम गांव में नजर बनाए हुए हैं। अभी अन्य जानवरों को भी टीके लगाए जाने हैं। मालूम हो कि चार दिन के भीतर जैंसर और सीमार गांव में तीन भैंसों की मौत हो गई। इससे पशुपालक दहशत में आ गए। पशुपालकों ने इसकी सूचना शुक्रवार को पशुपालन विभाग को दी। सूचना के बाद डॉ. अमितेश राज व अन्य कर्मचारी गांव में गए। उन्होंने मृत जानवरों की जांच की। मरी भैंसों में रैवीज के लक्षण पाए गए। इसके बाद उन्होंने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की। जो भैंसें मरी हैं उनका दूध पीने तथा दूध की चाय पीने वाले 20 लोगों को भी रैबीज के टीके लगाए गए हैं। शुक्रवार को केशर सिंह, बंसती देवी, भगवत भरड़ा, राजेंद्र कोरंगा, भूपाल कोरंगा, गोविंद सिंह भरड़ा को सीएचसी बैजनाथ में टीक लगाए गए। भैंसों की अचानक मौत से पशुपालक व आम लोग दहशत में हैं। उन्होंने पशुपालन विभाग से गांव के सभी जानवरों को टीके लगाने की मांग की है। इधर पशुपालन विभाग के डॉ. शिव कुमार ने बताया जैंसर व सीमार गांव में विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। जहां जरूरत होगी वहां टीकाकरण किया जाएगा। गत दिनों ग्रामीणों की शिकायत के बाद उनकी टीम गांव में पहुंची। मरे जानवरों में रैबीज के लक्षण पाए गए हैं। विभाग पूरे मामले में नजर बनाए हुए है।
