भारी भरकम बिजली बिल देख भड़के उपभोक्ता
बागेश्वर । भारी-भरकम बिजली के बिल आने से नाराज जौलकांडे के उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने और बिलों को ठीक कराने की मांग की। चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। ललित मोहन लोहनी के नेतृत्व में तहसील पहुंचे उपभोक्ताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिलों में अचानक बढ़ोतरी हुई है। जो बिल पहले सैकड़ों रुपये में आते थे, अब हजारों रुपये के आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि अनीता लोहानी के 15,770, 29,857 और 9,139 रुपये, गोकुलानंद के 29,737 और 1,942 रुपये तथा चंद्रा देवी के 3,520 रुपये के बिल आए हैं।महिलाओं ने कहा कि वे हर माह नियमित रूप से बिल जमा करती हैं, इसके बावजूद इतने अधिक बिल भेजे जाना समझ से परे है। उन्होंने जिलाधिकारी से जांच कराकर उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की मांग की।
