August 5, 2026

गरुड़ में कांग्रेस का सदस्यता अभियान तेज, 100 से अधिक लोगों ने थामा पार्टी का दामन

गरुड़, बागेश्वर। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गरुड़ ने होटल मोहिनी इन में सदस्यता अभियान के तहत एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में 100 से अधिक नए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी की विचारधारा और नीतियों के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

इस अवसर पर नव नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में न्याय पंचायत प्रभारी, जिला पंचायत प्रभारी, मंडलम प्रभारी तथा क्षेत्र पंचायत प्रभारियों सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए हर गांव में कार्यकर्ताओं को जोड़ने का अभियान चला रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठित प्रयासों के दम पर आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल करेगी।

वक्ताओं ने युवाओं से आगे आकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में युवाओं को रोजगार और शिक्षा के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं, ऐसे में कांग्रेस उनकी आवाज बनकर मजबूती से संघर्ष करेगी।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन भट्ट, पूर्व विधायक कपकोट ललित फर्स्वाण, हर्षवर्धन, पूर्व जिला अध्यक्ष भगत सिंह डसीला, पूर्व जिला अध्यक्ष लोकमणि पाठक, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बालकृष्ण, प्रकाश कोहली, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण आर्य, जिला महामंत्री सुंदर बरोलिया, प्रकाश आर्य, गिरीश तिवारी, एसपी सिंह, गोपाल भाई, केशव गिरी सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेन्द्र बिष्ट ने की।

You may have missed