August 5, 2026

कौसानी पुलिस ने जाना वरिष्ठ नागरिकों का हालचाल, सुरक्षा और हेल्पलाइनों के प्रति किया जागरूक

बागेश्वर । पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के दिशा-निर्देशन और पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के नेतृत्व में जनपद के भीतर वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, कल्याण और सामाजिक जन-जागरूकता के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज दिनांक 28/07/2026 को कोतवाली कौसानी पुलिस टीम ने अपने-अपने बीट क्षेत्रों का भ्रमण किया और स्थानीय निवासियों सहित बुजुर्गों से सीधा संवाद स्थापित किया।स्वास्थ्य और सुरक्षा का लिया जायजा, भ्रमण के दौरान कौसानी पुलिस टीम ने बीट क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और रोजमर्रा की जरूरी आवश्यकताओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। पुलिस टीम ने सभी बुजुर्गों को आश्वस्त किया कि वे समाज का सम्मानित हिस्सा हैं और किसी भी आपातकालीन स्थिति या व्यक्तिगत समस्या में बिना किसी संकोच के तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। बागेश्वर पुलिस बुजुर्गों और आमजन की सेवा व सुरक्षा के लिए 24 घंटे पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। पुलिस टीम ने वर्तमान में बढ़ते डिजिटल और ऑनलाइन अपराधों को देखते हुए उपस्थित ग्रामीणों व बुजुर्गों को साइबर ठगी के तौर-तरीकों के प्रति विशेष रूप से सचेत किया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के अनजान फोन कॉल, आकर्षक मैसेज, नौकरी या लॉटरी के प्रलोभन वाले झांसों में बिल्कुल न आएं। पुलिस ने जोर देकर कहा कि अपनी बेहद गोपनीय वित्तीय जानकारी जैसे- ओटीपी , बैंक खाता संख्या या एटीएम पिन कभी भी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। यदि कोई अनजाने में साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते धनराशि को ब्लॉक किया जा सके। ग्रामीणों को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने महत्वपूर्ण आपातकालीन नंबरों का प्रचार-प्रसार किया। टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या या आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए 112 नंबर डायल करें। इसके साथ ही, महिलाओं की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए विशेष रूप से संचालित महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 के बारे में भी महिलाओं और ग्रामीणों को विस्तार से जागरूक किया गया।

You may have missed