भाजपा कार्यालय की सफाई में सरकारी संसाधन लगाने पर कांग्रेस का विरोध
बागेश्वर । 28 और 29 जुलाई की भारी बारिश के बाद भाजपा जिला कार्यालय की सफाई में फायर ब्रिगेड और जल संस्थान के वाहनों के उपयोग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। ज्ञापन में कहा गया कि भारी बारिश के दौरान मंडलसेरा समेत कई क्षेत्रों में लोगों के घरों में पानी और कीचड़ भर गया था। प्रभावित लोगों ने जेसीबी और राहत कार्य की मांग की, लेकिन प्रशासन ने भाजपा कार्यालय की सफाई के लिए फायर कर्मियों और जल संस्थान के टैंकरों को लगाया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि फायर विभाग का दायित्व आग बुझाने और आपदा राहत कार्यों तक सीमित है, न कि किसी राजनीतिक दल के कार्यालय की सफाई करना।उन्होंने कहा कि सरकारी संसाधनों का उपयोग निष्पक्ष और जनहित में होना चाहिए तथा पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, बालकृष्ण बालम, कुंदन गोस्वामी, किशन गिरी, रमेश हरड़िया सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
