August 5, 2026

गरुड में सेना के वाहन और स्कूटी की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल


बागेश्वर ।   गागरीगोल क्षेत्र के सीर गांव के पास रविवार को सेना के वाहन और स्कूटी की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को अल्मोड़ा और दूसरे को जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर किया गया।जानकारी के अनुसार, बागेश्वर से गरुड़ की ओर जा रहा सेना का वाहन सीर गांव के पास पहुंचा था कि स्कूटी संख्या यूके-02 बी-2943 अनियंत्रित होकर वाहन के पिछले टायर से टकरा गई।इस हादसे में संजय कुमार (24) पुत्र बसंत राम, निवासी मन्यूड़ा गागरीगोल और मदन उर्फ राहुल (20) पुत्र पूरन राम, निवासी रियूनीलखमार गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला। सूचना मिलते ही कोतवाल कैलाश सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी बैजनाथ पहुंचाया।
सीएचसी बैजनाथ की प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. सपना राजपूत ने बताया कि दोनों युवकों के दाहिने पैर में फ्रैक्चर है और हाथों में भी चोटें आई हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए राहुल को अल्मोड़ा और संजय को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कोतवाल कैलाश सिंह नेगी ने बताया कि क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हादसे से कुछ देर पहले ही पुलिस ने स्कूटी संख्या यूके-02 डी-4953 को खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर सीज किया था। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की और चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You may have missed