August 5, 2026

रिटायरमेंट से 28 दिन पहले थमी उत्तराखंड के जवान महेंद्र की सांस, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई


बागेश्वर, गरुड ।   कौसानी स्टेट निवासी एवं डिफेंस सिक्योरिटी कोर में नियुक्ति सैनिक महेंद्र सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई।शनिवार रात अचानक सीने में दर्द उठने पर स्वजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया। रविवार को सरयू-गोमती संगम पर सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोकाकुल है।
शनिवार रात अचानक महेंद्र सिंह अस्वस्थ हो गए। सीने में तेज दर्द की शिकायत पर स्वजन ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। देर शाम सरयू-गोमती संगम पर सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर कौसानी से पहुंची सिग्नल कोर की टुकड़ी ने उन्हें अंतिम सलामी दी।
अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। महेंद्र सिंह देहरादून स्थित डीएससी में तैनात थे और हाल ही में अवकाश पर अपने घर आए थे। उन्हें दो दिन बाद वापस ड्यूटी पर लौटना था। उनकी सेवानिवृत्ति 28 दिन बाद 30 अगस्त को निर्धारित थी, लेकिन इससे पहले ही उनका निधन हो गया। इस घटना से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थानाध्यक्ष कैलाश नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

You may have missed