ऑपरेशन प्रहार: बागेश्वर पुलिस का बड़ा एक्शन, 2.092 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ लगातार तीसरे सप्ताह बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.092 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी सीज कर दी गई है।
पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देश पर संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एसओजी टीम ने 6 अगस्त 2026 की शाम थाना कपकोट क्षेत्र के शामा बैण्ड तिराहा के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्कूटी संख्या UK01TA4544 को रोककर तलाशी ली गई। जांच में स्कूटी सवार दो युवकों के कब्जे से 2.092 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल वर्मा (32 वर्ष) निवासी संजय नगर, थाना बारादरी, जिला बरेली तथा रोहित सिंह (28 वर्ष) निवासी दुर्गानगर, थाना इज्जतनगर, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना कपकोट में एफआईआर संख्या 50/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चरस को कम कीमत में खरीदकर अधिक मुनाफे के लिए बरेली ले जाकर बेचने की तैयारी में थे। पुलिस अब तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
इस कार्रवाई को एसओजी प्रभारी निरीक्षक सल्लाउद्दीन खान के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक जीवन सामन्त, कांस्टेबल कुलदीप वर्मा, भुवन बोरा, रमेश सिंह (एसओजी/एएनटीएफ), संतोष सिंह (एसओजी/एएनटीएफ) तथा चालक कांस्टेबल विजय कुमार शामिल रहे।
बागेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
