August 7, 2026

कांवड़ मेले में 30 हजार के नकली नोट बरामद, कांवड़ियों के भेष में आए आरोपी फरार


हरिद्वार । कांवड़ मेले के बीच हरकी पैड़ी क्षेत्र में नकली नोट खपाने का मामला सामने आया है। कांवड़ियों के भेष में आए कुछ युवकों के पास से करीब 30 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए। हालांकि आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने बरामद नकली नोटों को कब्जे में लेकर जीडी में दाखिल कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित हरकी पैड़ी चौकी के अंतर्गत काली मंदिर के पास की है। बताया जा रहा है कि कांवड़ियों के वेश में आए कुछ युवा ने एक व्यापारी के साथ लेनदेन के दौरान नकली नोट चलाने का प्रयास किया। शक होने पर व्यापारी ने उन्हें पकड़ लिया, लेकिन इसी दौरान आरोपी उसके चंगुल से छूटकर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस समय आरोपी भागे, उस दौरान मेला पुलिस के जवान भी आसपास ही मौजूद थे। इसके बावजूद आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। आरोपियों के पास से करीब 30 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। इसके अलावा उनके पास से मुरादाबाद और चंदौसी के रेलवे टिकट भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद पुलिस ने बरामद नकली नोटों को जीडी में दाखिल कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि काली मंदिर के पास से नकली नोट बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर जीडी में दाखिल कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।