हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा रैली, विद्यालय परिसर में लगाए 50 पौधे
बागेश्वर । आजादी के पर्व को देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जोड़ते हुए हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंडल सेरा जीआइसी द्वारा तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए हाथों में तिरंगा लेकर लोगों को राष्ट्रप्रेम और देश की एकता-अखंडता का संदेश दिया।
रैली के दौरान कैडेटों ने क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर लोगों को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा लगाने तथा राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाने का आह्वान किया।
अभियान को केवल राष्ट्रभक्ति तक सीमित न रखते हुए कैडेटों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर समाजसेवी एवं वृक्षमित्र श्री किशन सिंह मलड़ा से सहयोग प्राप्त कर करीब 50 पौधे जुटाए गए। इन पौधों को विद्यालय परिसर के आसपास रोपित किया गया। साथ ही विद्यालय परिसर से सटे संपर्क मार्गों में उगी झाड़ियों की कटाई कर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता भी की गई।
इस दौरान कैडेटों ने विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों को स्वच्छ पर्यावरण, पौधारोपण और पौधों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में राष्ट्रप्रेम के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया।
कार्यक्रम के अवसर पर निर्देशानुसार 81 यूके बटालियन एनसीसी बागेश्वर से जुड़े अधिकारी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित शिक्षकगण और अन्य सहयोगी मौजूद रहे। विद्यालय परिवार की ओर से भी अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग किया गया।
तिरंगा रैली और पौधारोपण अभियान ने क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बनाने के साथ-साथ लोगों को ‘तिरंगा हर घर, हर दिल’ और ‘हरित पर्यावरण’ का संदेश दिया। कैडेटों की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की गई।
