Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण में तेजी लाएं, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं: डीएम अपूर्वा पाण्डे

निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी, एक सप्ताह में डेट-वाइज प्रगति रिपोर्ट तलब

बागेश्वर। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण कार्य को लेकर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने गुरुवार को खोली पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्रिटिकल केयर ब्लॉक के आईसीयू, क्रिटिकल केयर वार्ड, एक्स-रे कक्ष, ब्लड बैंक, फायर फाइटिंग सिस्टम, प्लास्टर सहित विभिन्न निर्माणाधीन हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की वर्तमान स्थिति, प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की डेट-वाइज प्रगति तैयार करने के साथ ही भवन के वास्तविक एवं व्यावहारिक रूप से पूर्ण होने की संभावित तिथि का स्पष्ट आकलन कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने उपजिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को समय-समय पर निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही अथवा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस दौरान कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल के प्रोजेक्ट मैनेजर संदीप सिंह रावत ने जिलाधिकारी को भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कराते हुए अब तक हुए कार्य और प्रस्तावित निर्माण की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवन से संबंधित आवासीय एवं जिला अस्पताल की भूमि का भी निरीक्षण किया।

बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण पर भी विशेष जोर

जिलाधिकारी ने क्रिटिकल केयर ब्लॉक में बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित एवं सुचारू निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए इसका निर्माण निर्धारित मानकों, उच्च गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुमार आदित्य द्विवेदी, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी सहित संबंधित विभागों के अधिशासी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Advertisement