सरयू का जलस्तर बढ़ा, बागेश्वर पुलिस 24 घंटे अलर्ट
मूसलाधार बारिश के बीच संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनात, लाउडस्पीकर से मुनादी कर लोगों को किया जा रहा सतर्क
बागेश्वर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। स्थिति को देखते हुए बागेश्वर पुलिस ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद पुलिस को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। नदी तटीय और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस टीमें तैनात कर लोगों को लगातार सावधान किया जा रहा है।
पुलिस टीमों द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कराकर लोगों से नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है। स्थानीय निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। पुलिस ने साफ किया है कि मानसून और अतिवृष्टि के दौरान जनसुरक्षा एवं राहत-बचाव कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं।
नदी-नालों से दूरी बनाए रखें
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि तेज बहाव वाली नदियों, नालों और जलभराव वाले स्थानों के समीप जाने से पूरी तरह बचें। विशेष रूप से अभिभावक बच्चों को ऐसे संवेदनशील स्थानों से दूर रखें। बारिश के दौरान पहाड़ी रास्तों और यात्रा मार्गों पर भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।
मौसम की हर सूचना को गंभीरता से लें
पुलिस ने लोगों से मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी होने वाली आधिकारिक एडवाइजरी एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की आपदा, दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में तत्काल 112 पर सूचना देने या नजदीकी पुलिस स्टेशन एवं प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करने को कहा गया है।
बारिश के बीच बागेश्वर पुलिस की सक्रियता से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
