स्वतंत्रता दिवस पर बागेश्वर में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, डीएम अपूर्वा पाण्डे ने किया ध्वजारोहण
बागेश्वर। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को जनपद बागेश्वर में हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिले के सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में सुबह नौ बजे जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने ध्वजारोहण किया और जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान से मिली आजादी की सार्थकता तभी है, जब हम अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करें। राष्ट्र एवं जनहित में प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इसके बाद नुमाइशखेत मैदान में मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। यहां भी जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता अनगिनत वीरों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता के मूल्यों को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से राष्ट्र एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
देशभक्ति कार्यक्रमों ने बांधा समां
मुख्य समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की एकता, अखंडता, विविधता और स्वतंत्रता के गौरव को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजन भगवती देवी, लोकतंत्र सेनानी बसंत बल्लभ पांडे सहित उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों गीतिका पंत, खुशी काण्डपाल, दिशा काण्डपाल, रोहित मेहता, विवेक, अनिशा, योगेश, लोकेश, नैन्सी, तमन्ना, साक्षी और रविकांत को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों और समारोह में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
नगर में निकली प्रभात फेरी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नगर में प्रभात फेरी निकाली। देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंजती प्रभात फेरी ने लोगों में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना का संचार किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार और उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
