‘ऑपरेशन प्रहार’ का असर: बागेश्वर पुलिस ने नियम तोड़ने वालों पर कसा शिकंजा, 32 वाहन चालकों पर कार्रवाई
4 वाहनों के कोर्ट चालान, सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने वाले 5 लोगों पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई
बागेश्वर। सार्वजनिक स्थलों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बागेश्वर पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित इस अभियान को पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में चलाया जा रहा है।
अभियान के क्रम में 17 अगस्त 2026 को पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, उत्पात, शांति व्यवस्था भंग करने तथा यातायात नियमों और पुलिस आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 32 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें से 04 वाहनों के चालान न्यायालय भेजे गए।
वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने वाले 05 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप मचा रहा।
पुलिस की सख्त अपील
बागेश्वर पुलिस ने आम जनता से सार्वजनिक स्थानों पर शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने और कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने जैसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी है।
पुलिस ने कहा कि यदि कहीं कोई व्यक्ति हुड़दंग या अशांति फैलाता है तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बागेश्वर पुलिस का स्पष्ट संदेश है—कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
