Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

धौलछीना-शेराघाट सड़क के गड्ढों में यूकेडी ने किया पौधरोपण, आंदोलन की चेतावनी


अल्मोड़ा ।  धौलछीना से शेराघाट तक स्टेट हाईवे की बदहाल स्थिति के विरोध में रविवार को उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सड़क के गहरे गड्ढों में पौधरोपण कर अनोखा प्रदर्शन किया। विनय किरौला के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के माध्यम से लोक निर्माण विभाग का ध्यान सड़क की जर्जर हालत की ओर आकर्षित किया गया। प्रदर्शन के दौरान विनय किरौला ने आरोप लगाया कि बरसात से पहले लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क पर पैचवर्क कराया गया था, लेकिन यह कार्य कुछ ही समय में उखड़ गया और सड़क पर फिर कई फुट गहरे गड्ढे बन गए हैं। उनका कहना था कि इन गड्ढों से स्थानीय लोगों और राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर से बातचीत हुई, जिसमें उन्होंने स्वीकार किया कि बरसात से पहले पैचवर्क कराया गया था। हालांकि अब सड़क की स्थिति फिर खराब हो चुकी है। यूकेडी नेता ने चेतावनी दी कि यदि धौलछीना से शेराघाट तक सड़क के गड्ढों की मरम्मत का कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू नहीं किया गया तो अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह, उपप्रधान संजय सिंह चम्याल, प्रधान पंकज पांडे, केसर सिंह मेहता, आशुतोष भट्ट, कमल नेगी, विजय सिंह, पंकज भट्ट, गोपाल नेगी, संजय भट्ट, दयाल भट्ट, इंद्र सिंह नेगी, संजय पूना, राजेंद्र प्रसाद, पूर्व प्रधान मन सिंह चम्याल, हरपाल नेगी, दीपक भट्ट, केशव चंद्र भट्ट, हीरा बल्लभ भट्ट, नारायण सिंह चम्याल, केसर नेगी, हरीश राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Advertisement