Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

तीन युद्ध लड़ चुके पूर्व सैनिक अब घर बचाने की लड़ रहे लड़ाई


बागेश्वर ।  देश के लिए 1965, 1967 और 1971 के युद्ध लड़ चुके पूर्व सैनिक प्रेम राम उम्र के अंतिम पड़ाव में अपना घर बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सोमवार को वह परिवार के साथ जनता दरबार में जिलाधिकारी के सामने पहुंचे और अपनी पीड़ा बताते हुए कई बार भावुक हो गए। सेना के मेडल लगाए पूर्व सैनिक ने प्रशासन से परिवार और घर की सुरक्षा की गुहार लगाई। कांडा के ढुंगा पंत बांसतोली निवासी प्रेम राम पुत्र दौलत राम का कहना है कि उनके घरों के ऊपर खड़िया खदान संचालित होने से क्षेत्र में जमीन धंसने और खिसकने का खतरा बढ़ गया है। खदान के कारण क्षेत्र में पानी भरने से जमीन धीरे-धीरे खिसक रही है और उनके मकान में दरारें पड़ गई हैं। कुछ दिन पहले उनके पुत्र ललित मोहन और सेकेंद्र प्रसाद के मकान भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। प्रेम राम ने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया। वह पत्नी के साथ वर्तमान में बेटी सरस्वती देवी के घर रहने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से घर और परिवार की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनके घर को बचाने के लिए जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह जिलाधिकारी कार्यालय में ही आत्महत्या करने को मजबूर होंगे।

Advertisement