August 29, 2026

बागेश्वर में गैराज में वाहन धुलवाने गए युवक पर धारदार हथियार से हमला


बागेश्वर ।  कपकोट थाना क्षेत्र के खाईबगड़ में एक गैराज में वाहन धुलवाने गए युवक पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। युवक के भाई बलवंत सिंह ऐठानी ने चीरा बगड़ निवासी प्रहलाद सिंह कपकोटी पर अपने भाई बहादुर सिंह उर्फ बबली पर जानलेवा हमला करने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। बलवंत सिंह के अनुसार, उनका भाई बहादुर सिंह खाईबगड़ स्थित एक गैराज में वाहन धुलवाने गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद प्रहलाद सिंह कपकोटी ने धारदार हथियार से उसपर हमला कर दिया। हमले में बहादुर सिंह के गर्दन, छाती और सिर में चोटें आई हैं।बाईं आंख के ऊपर दो टांके लगाए गए हैं, जबकि दाईं आंख में भी चोट बताई गई है। घटना के बाद घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल के भाई बलवंत सिंह का कहना है कि बहादुर सिंह को सांस लेने में परेशानी हो रही है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रहलाद सिंह पूर्व में भी उन्हें और उनके भाई को जान से मारने की धमकी देता रहा है और संदेश भेजकर धमकाता रहा है।एसओ प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि घायल के भाई बलवंत सिंह के शिकायती प्रार्थना पत्र के आधार पर प्रहलाद सिंह कपकोटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। विवेचना उप निरीक्षक विवेक भट्ट कर रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।