Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

धौलछीना वासियों ने डीएम को सौपा ज्ञापन

अल्मोड़ा ( आखरीआंख )  व्यापार मंडल धौलछीना के अध्यक्ष दरबान रावत के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने धौलछीना तहसील को संचालित करने, थाना खुलवाने, बाजार के लिए पेयजल लाइन बिछाने सहित 13 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि धौलछीना विकासखंड के वाशिंदें आज अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। बहुत सी मांगे शासन व प्रशासन स्तर पर ​लंबित हैं। ज्ञापन में कहा गया कि वर्ष 2013 में राज्यपाल द्वारा धौलछीना तहसील की अधिसूचना जारी की गई थी। इसके बावजूद आज तक तहसील का संचालन नहीं हो पाया है। इसके अलावा धौलछीना—वृद्ध जागेश्वर पनेट कच्चा मोटर मार्ग, जो लंबे समय से बंद है को शीघ्र खुलवाने, धौलछीना में अराजक तत्वों पर अंकुश के लिए थाना खुलवाने, अक्टूबर 2016 से खराब पड़े एटीएम को दुरूस्त करने, धौलछीना बाजार के लिए नयी पेयजल लाइन ​स्वीकृत करवाने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रिक्त पदों पर नियुक्ति करके संचालन शुरू करने, लोनिवि गैस्ट हाऊस में चाहरदीवारी का निर्माण करने, खतरे का सबब बने जर्जर पुराने भवनों को ध्वस्त करने, सामुदायिक स्वस्थ्य केंद्र धौलछीना के आवासीय भवनों के लिए खतरा बने चीड़ के पेड़ों को काटने हेतु स्वीकृति दिलवाने, ब्लाक मुख्यालय में सांस्कृतिक महोत्सव करवाने तथा वर्ष 2013 से प्राथमिक पाठशाला कांचुला के अधूरे भवन का निर्माण कार्य पूरा करवाने की मांग की गई। इस मौके पर उन्होंने डीएम को बताया कि विकासखंड भैसियाछाना धौलछीना से 28 किमी दूर है। अत: विकासखंड का नाम परिवर्तित कर धौलछीना करा जाये। उन्होंने यह भी कहा कि विकासखंड भैसियाछाना की ग्राम सभा कलौन काफी बड़ी ग्रामसभा है। इससे चक कलोन को अलग कर नयी ग्राम सभा बनवाने की भी स्वीकृति दें। ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार मंडल धौलछीना अध्यक्ष दरबान रावत के अलावा जिलाध्यक्ष व्यापार मंडल हरेंद्र वर्मा, जिला संगठन मंत्री कमलेश बिष्ट, सचिव चंद्र सिंह महरा, जिला प्रतिनिधि महिपाल सिंह व प्रकाश वर्मा आदि भी शामिल थे।

Advertisement