September 22, 2026

बागेश्वर में लंबित भुगतान न होने पर तीन विभागों में सांकेतिक तालाबंदी


बागेश्वर।  लंबित भुगतानों का निस्तारण नहीं होने से नाराज राजकीय ठेकेदारों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। ठेकेदार संघ बागेश्वर के बैनर तले ठेकेदारों ने जल निगम, जल संस्थान और सिंचाई विभाग के कार्यालयों में सांकेतिक तालाबंदी कर विरोध जताया। सभा में उन्होंने जल्द भुगतान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। संघ अध्यक्ष गंगा सिंह कोरंगा के नेतृत्व में ठेकेदारों ने कहा कि तीनों विभागों में लंबे समय से उनके भुगतान लंबित हैं। इस संबंध में जिला व तहसील प्रशासन समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।इससे नाराज ठेकेदारों ने प्रदर्शन के बाद तीनों विभागों में सांकेतिक तालाबंदी की। संघ ने चेतावनी दी कि लंबित भुगतानों का निस्तारण नहीं हुआ तो दो अक्तूबर से तीनों विभागों में अनिश्चितकालीन तालाबंदी शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भुगतान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। संघ ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी कपकोट व बागेश्वर समेत तीनों विभागों के अधिकारियों को आंदोलन की लिखित सूचना भी दी है। इस दौरान किशन सिंह दानू, जमन सिंह दानू, रमेश हरड़िया, किशन सिंह, अमर सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।