दस सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम प्रधानों ने निकाली आक्रोश रैली
बागेश्वर। दस सूत्रीय मांगों के निस्तारण को लेकर ग्राम प्रधान संगठन ने मंगलवार को जिला मुख्यालय में शक्ति प्रदर्शन किया। जिले के तीनों विकासखंडों से पहुंचे ग्राम प्रधानों ने विशाल आक्रोश रैली निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष दीपक खेतवाल के नेतृत्व में रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय पहुंची। यहां प्रधानों ने धरना देकर मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि उनकी कई मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं। गांवों में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन मांगों के बावजूद समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं किया जा रहा है। प्रधानों ने ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के संचालन में आ रही दिक्कतों को दूर करने और लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जिलाध्यक्ष दीपक खेतवाल ने कहा कि संगठन अपनी मांगों को लेकर एकजुट है। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए ग्राम पंचायतों को मजबूत करने के साथ ग्राम प्रधानों की समस्याओं का समाधान भी जरूरी है। शासन को दस सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। इस दौरान राजू नेगी, राजेंद्र सिंह, शेर सिंह बिष्ट, सुंदर मेहरा, देवेंद्र परिहार आदि मौजूद रहे।
