अध्यक्ष प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने पर हंगामा
बागेश्वर । पंडित बद्री दत्त पांडे परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राहुल कुमार का नामांकन रद्द होने के बाद मामला गरमा गया है। चुनाव मैदान में उतरे अन्य प्रत्याशियों ने कार्रवाई की निंदा करते हुए दोबारा नामांकन प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर सामूहिक रूप से चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है। शनिवार को एनएसयूआई प्रत्याशी समेत अन्य प्रत्याशी परिसर में एकत्रित हुए और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने कैंपस निदेशक डॉ. कमल किशोर को ज्ञापन सौंपा। साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय को भी ज्ञापन भेजा।प्रत्याशियोंने आरोप लगाया कि 24 सितंबर को नामांकन के दौरान सत्ता का दुरुपयोग कर राहुल कुमार का पर्चा खारिज किया गया। उन्होंने निष्पक्षता के लिए पूरी नामांकन प्रक्रिया दोबारा कराने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर सभी प्रत्याशियों ने सामूहिक रूप से चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी। ज्ञापन पर उपाध्यक्ष प्रत्याशी गजेंद्र साह, बबीता आर्या, सचिव प्रत्याशी अखिल परिहार, कोषाध्यक्ष मोनिका, सह सचिव प्रिया भंडारी, सांस्कृतिक सचिव नेहा दानू, अनामिका, नीरज, ललित कुमार, कपिल कुमार, रिया कोहली, कोमल बिष्ट और विजय कुमार आदि के हस्ताक्षर हैं।
