September 27, 2026

प्रभारी प्रधानाचार्य धर्म सिंह के समर्थन में उतरा शिक्षक संघ


बागेश्वर ।  राजकीय इंटर कॉलेज भंतोला के सहायक अध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाचार्य धर्म सिंह के समर्थन में शिक्षक संघ भी उतर आया है। धर्म सिंह शिक्षण कार्य संपन्न कराने के बाद कॉलेज गेट के पास मौनव्रत और क्रमिक अनशन कर रहे हैं। बारिश के बीच भी उनका आंदोलन जारी है। उनका कहना है कि जब तक विभाग की ओर से स्थानांतरण के संबंध में लिखित आदेश जारी नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। रविवार को कुमाऊं मंडल राजकीय शिक्षक संघ के संयुक्त मंत्री कपिल पांडेय धर्म सिंह को मनाने विद्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है और शिक्षक जिस स्थान पर धरना दे रहे हैं, वह आबादी से दूर जंगल क्षेत्र में है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए मौनव्रत समाप्त करने का आग्रह किया गया। हालांकि धर्म सिंह अपनी मांग पर अड़े रहे।
अपर निदेशक से कराया वर्चुअल संवाद
संयुक्त मंत्री कपिल पांडेय ने शिक्षक की समस्या के समाधान के लिए अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गजेंद्र सिंह सौन से उनका वर्चुअल संवाद कराया। बातचीत में अपर निदेशक ने बताया कि अब तक हुए स्थानांतरण में निर्धारित मानकों के तहत धर्म सिंह का मामला नहीं आ रहा था। इसी कारण उनका स्थानांतरण नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि शिक्षक की ओर से दिए गए प्रत्यावेदनों को संलग्न कर निदेशालय भेजा गया है। निदेशालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अपर निदेशक ने भी शिक्षक से मौनव्रत समाप्त करने की अपील की। वहीं धर्म सिंह ने कहा कि विभागीय स्तर से लिखित आदेश मिलने तक वह मौनव्रत और क्रमिक अनशन जारी रखेंगे।
शिक्षक संघ ने निदेशक और अपर निदेशक को भेजा पत्र
धर्म सिंह के आंदोलन को लेकर राजकीय शिक्षक संघ बागेश्वर ने भी विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया है। संघ के जिलाध्यक्ष गोपाल दत्त पंत और जिला महामंत्री देवेंद्र सिंह मेहता ने निदेशक एवं अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा को पत्र भेजकर शिक्षक की समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। संयुक्त मंत्री कपिल पांडेय ने कहा कि शिक्षक संघ धर्म सिंह के संघर्ष के साथ खड़ा है। लंबे समय से दुर्गम क्षेत्र में सेवाएं दे रहे शिक्षक की समस्या का विभागीय स्तर पर जल्द समाधान होना चाहिए। इस दौरान अशोक पंत और क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदीश प्रसाद मौजूद रहे।