September 27, 2026

जीएसटी के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं: कापड़ी


रुद्रपुर ।   छोटे और मध्यम व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर जीएसटी के नाम पर की जा रही छापेमारी और उत्पीड़न के विरोध में कांग्रेस ने रविवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक भुवन कापड़ी ने कार्यकर्ताओं के साथ शहीद स्मारक पर सांकेतिक धरना देकर कार्रवाई का विरोध किया। विधायक कापड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार ने पहले युवाओं के रोजगार के अवसरों को प्रभावित कर उन्हें परेशान किया। इसके बाद किसानों को लगातार संकट और कर्ज की ओर धकेला गया और अब छोटे व्यापारियों को जीएसटी के नाम पर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार किसानों से सरकारी क्रय केंद्रों के माध्यम से उनकी उपज खरीदने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर किसान अपनी उपज के उचित मूल्य और खाद जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए परेशान हैं।
अब व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। कापड़ी ने कहा कि एक ओर बड़े पूंजीपतियों के लाखों करोड़ रुपये के कर्ज माफ किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर छोटे व्यापारियों और किसानों से उसकी भरपाई करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस इसका कड़ा विरोध करती है। उन्होंने कहा कि जब भी व्यापारी बंधुओं को कांग्रेस की जरूरत होगी, पार्टी और वह उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरने में उमेश सिंह राठौर, नगर अध्यक्ष अमन अरोरा, देवेंद्र कन्याल, नासिर खान, सतपाल राणा, नरेंद्र आर्य, नवीन जोशी, राजकिशोर सक्सेना, बादल सक्सेना, कांता प्रसाद, विक्रम सिंह, वीरेंद्र राज, ताहिर, अरफात, लक्ष्मण राणा, अय्यूब, नूर मोहम्मद, आसिफ, फईम, पूरन मेहता, तरणवीर सिंह और रेहान अंसारी आदि मौजूद रहे।