September 27, 2026

आज कनस्तर बजाओ रैली निकालेगी मेडिकल कॉलेज संघर्ष समिति


नई टिहरी ।  मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले मेडिकल कॉलेज निर्माण करने की मांग को 43वें दिन धरना और 27वें दिन क्रमिक अनशन जारी रहा। संघर्ष समिति आज सोमवार को नई टिहरी बाजार से कलेक्ट्रेट तक कनस्तर बजाओ रैली निकालेगी। बौराड़ी के गणेश चौक में रविवार को चिंतामणि थपलियाल और आशीष द्विवेदी क्रमिक अनशन पर बैठे रहे। धरना स्थल पर भाजपा नेता जीतराम भट्ट का 57 वें दिन सत्याग्रह जारी रहा। संघर्ष समिति के संयोजक डॉ़ राकेश भूषण गोदियाल, सह संयोजक भगवान सिंह रावत ने बताया आज सोमवार को शासन-प्रशासन को जगाने के लिए नई टिहरी के श्रीदेव सुमन पार्क से कलेक्ट्रेट तक कंस्तर बजाओ रैली निकाली जाएगी। कहा कि आंदोलन का डेढ़ माह से अधिक का समय हो गया है लेकिन सरकार मेडिकल कॉलेज निर्माण का शासनादेश जारी नहीं कर पाई है। इस मौके पर सफर सिंह नेगी, पुरुषोत्तम चमोली, देवेश्वर प्रसाद, भगवान सिंह पंवार, सोबन सिंह पंवार, प्रदीप रावत, नित्यानंद बहुगुणा, कमल सिंह महर, किशोर लाल चमोली, संदीप रावत, राहुल बुटोला आदि मौजूद रहे।