September 30, 2026

बागेश्वर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 नाली भांग की खेती नष्ट

एनसीबी, एसओजी/एएनटीएफ और कपकोट पुलिस की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान, ग्रामीणों को नशे के खिलाफ किया जागरूक

बागेश्वर। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में एनसीबी, एसओजी/एएनटीएफ एवं कपकोट पुलिस की संयुक्त टीम ने पुड़कुनी क्षेत्र में अभियान चलाकर करीब 25 नाली में उगाई गई भांग की फसल को नष्ट किया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों और अवैध मादक पदार्थों से होने वाले सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने ग्रामीणों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने तथा अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों को यह भी बताया कि बिना वैध अनुमति भांग की खेती किए जाने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की सूचना मानस हेल्पलाइन-1933 पर देने के लिए जागरूक किया गया।

पुलिस ने आमजन से अपील की कि नशामुक्त एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध मादक पदार्थों से संबंधित सूचना तत्काल डायल-112 या स्थानीय पुलिस को दें।