सीओ मनीष शर्मा को भावभीनी विदाई, बागेश्वर पुलिस परिवार ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
सीबीसीआईडी खंड हल्द्वानी में नई जिम्मेदारी संभालेंगे मनीष शर्मा, एसपी ने स्मृति चिह्न भेंट कर कार्यों को सराहा
बागेश्वर। जनपद बागेश्वर में पुलिस उपाधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं देने वाले मनीष शर्मा के स्थानांतरण पर बुधवार को पुलिस परिवार की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। उनका स्थानांतरण सीबीसीआईडी खंड हल्द्वानी के लिए हुआ है। विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में एसपी जितेन्द्र मेहरा ने कहा कि मनीष शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था में सुधार और जनसामान्य के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मनीष शर्मा ने बागेश्वर में पुलिस उपाधीक्षक कपकोट, यातायात एवं लाइन के दायित्व संभाले। इस दौरान उनके नेतृत्व में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता, नशा मुक्ति अभियान और यातायात सुधार से जुड़े अभियानों को गति दी गई। पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी उनके प्रयासों को पुलिस अधिकारियों ने उल्लेखनीय बताया।
विदाई समारोह के दौरान एसपी ने मनीष शर्मा को स्मृति चिह्न भेंट किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में स्थानांतरण एक स्वाभाविक प्रक्रिया है और नई तैनाती में भी अधिकारी अपनी कार्यकुशलता से विभाग का नाम रोशन करें। पुलिस परिवार के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी मनीष शर्मा की सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सीओ बागेश्वर अजय साह, नवागंतुक पुलिस उपाधीक्षक राजेश साह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नरेंद्र कुमार आर्य, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बागेश्वर अनिल उपाध्याय समेत पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही नवागंतुक सीओ राजेश साह से पुलिस अधिकारियों ने औपचारिक भेंट कर उन्हें जनपद में नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
