गरुड़ में गुलदार ने महिला पर किया हमला, पैर में गहरे घाव
बागेश्वर । तहसील क्षेत्र के कई गांवों में इन दिनों गुलदार की धमक बढ़ गई है। दर्शानी गांव में शनिवार देर शाम घास काट रही महिला पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। घायल महिला को ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले गए, जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। एक महीने के भीतर गांव में गुलदार के हमले की यह दूसरी घटना है। इससे ग्रामीणों में दहशत है। दर्शानी गांव निवासी गीता देवी (40) पत्नी महेंद्र पांडेय घर के पास घास काट रही थीं। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हल्ला किया। इसके बाद गुलदार वहां से भाग गया। ग्रामीण घायल महिला को सीएचसी बैजनाथ ले गए। डॉक्टर गौतम परिहार ने बताया कि महिला के दाहिने पैर में गहरे घाव हैं। महिला के घायल होने की सूचना पर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहुमी, बालकृष्ण, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट और विनोद भट्ट ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना। वन रेंज बैजनाथ के वन आरक्षी भुवन सिंह रावत, चंदन कुमार और नंद राम भी अस्पताल पहुंचे। रेंजर प्रदीप कांडपाल ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर महिला को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। गांव में पिंजड़ा लगा दिया गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अकेले घर से बाहर न जाने की अपील की है।
