Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 9, 2026

दिल्ली में प्रदर्शन के चलते जनशताब्दी रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी


हरिद्वार ।  दिल्ली में शनिवार को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन और यातायात संबंधी परामर्श के चलते देहरादून-नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस का संचालन रद कर दिया गया है। इससे देहरादून, हरिद्वार और दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ट्रेन रद होने के कारण यात्रियों को अब दिल्ली पहुंचने के लिए दूसरे विकल्प तलाशने होंगे। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 10 अक्टूबर को सेंट्रल दिल्ली में प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन और ट्रैफिक एडवाइजरी के चलते जनशताब्दी समेत कुल दस ट्रेनों को रद किया गया है। इनमें हरिद्वार और देहरादून से सीधे जुड़ी एकमात्र ट्रेन देहरादून-नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस है।अन्य नौ ट्रेनें अलग-अलग मार्गों पर संचालित होती हैं। गाड़ी संख्या 12056 देहरादून-नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस सुबह देहरादून से रवाना होकर करीब 6:15 बजे हरिद्वार रेलवे स्टेशन पहुंचती है। यहां ट्रेन का ठहराव आठ मिनट का है। इसके बाद ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना होती है। इस ट्रेन से रोजाना करीब 1100 यात्री देहरादून से दिल्ली तक का सफर करते हैं। ऐसे में ट्रेन रद होने से बड़ी संख्या में यात्रियों की यात्रा प्रभावित होगी। हरिद्वार रेलवे स्टेशन के मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक (सीआरएस) अनिल गुप्ता ने बताया कि हरिद्वार से इस ट्रेन में करीब 500 टिकट काउंटर, ऑनलाइन और अन्य माध्यमों से बुक किए गए थे। ट्रेन रद होने के चलते इन टिकटों का आरक्षण निरस्त हो गया है। यात्रियों को यात्रा के लिए दूसरी ट्रेनों या अन्य परिवहन साधनों का सहारा लेना पड़ेगा। रेलवे की ओर से जारी सूची में जनशताब्दी के अलावा लखनऊ-नई दिल्ली मेल, नई दिल्ली-लखनऊ मेल, लखनऊ-नई दिल्ली सुपरफास्ट, नई दिल्ली-लखनऊ सुपरफास्ट, कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी सहित कुल दस ट्रेनें शामिल हैं।

You may have missed

Advertisement