Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 10, 2026

पुलिस टीम पर पाटल से हमला कर भागने लगे तस्कर, 25 किलो गांजे के साथ तीन गिरफ्तार


अल्मोड़ा ।  भतरौजखान क्षेत्र में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 25.240 किलोग्राम गांजे के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं। बरामद गांजे की कीमत करीब 6.31 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। एक अन्य आरोपी अंधेरे और घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को भतरौजखान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम जैनल पुल के पूर्वी किनारे जैनल से देघाट जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोगों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर पाटल से हमला कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों से 25.240 किलोग्राम गांजा के अलावा दो धारदार पाटल भी मिले। तस्करी में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुख्तयार सिंह (52) निवासी थारी, थाना रामनगर, नैनीताल, गुरमीत सिंह (36) निवासी गौवरा, थाना बाजपुर, ऊधमसिंह नगर और जसवंत सिंह (50) निवासी इटव्वा, थाना बाजपुर, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान जगदीश सिंह (40) निवासी गौवरा, थाना बाजपुर, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। मामले में थाना भतरौजखान में आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में दो के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में पूर्व मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। यहाँ पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अवनीश कुमार, उपनिरीक्षक संजय जोशी, हेड कांस्टेबल शमीम अहमद, राजाराम और आनंद त्रिपाठी तथा एसओजी के कांस्टेबल नीरज पाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Advertisement