ऑपरेशन प्रहार के तहत बागेश्वर पुलिस का बड़ा एक्शन, 55 वाहन चालकों पर कार्रवाई; 14 व्यक्तियों के काटे चालान
यातायात नियम तोड़ने वालों से लेकर बिना सत्यापन रह रहे व्यक्तियों तक पर पुलिस की पैनी नजर, देर शाम होटल और ढाबों में भी चलाया गया चेकिंग अभियान।
बागेश्वर। जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए बागेश्वर पुलिस का अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों और बिना पुलिस सत्यापन रह रहे व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 12 नवंबर 2026 को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 55 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें से 6 वाहनों के चालान न्यायालय भेजे गए।
वहीं, देर शाम पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत होटल और ढाबों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्रवाई करते हुए 6 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। पुलिस द्वारा बाहरी क्षेत्रों से आकर अपनी पहचान छिपाकर अथवा वेश बदलकर रहने वाले अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए लगातार चेकिंग की जा रही है।
इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने तथा बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे 14 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
बागेश्वर पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत और बाहर से आने वाले व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है।
बागेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
