दुगनाकुरी तहसील और उपकोषागार का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, अभिलेखों से लेकर आपदा राहत व्यवस्था तक परखी
अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश, राहत वितरण में लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने शुक्रवार को दुगनाकुरी तहसील एवं उपकोषागार का निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने सरकारी अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालयी व्यवस्थाओं, आपदा प्रबंधन के संसाधनों तथा राहत सामग्री के भंडारण की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और कार्यों में पारदर्शिता एवं तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील में सुरक्षित रखे गए सरकारी अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों को व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अभिलेख आसानी से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने तहसील में उपलब्ध आपदा राहत सामग्री एवं खाद्यान्न के भंडारण की भी जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा प्रभावित परिवारों तथा जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जाए।
राहत वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आपदा के समय प्रभावितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। राहत सामग्री एवं खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तहसील परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ ही कार्यालयी व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित एवं सुचारु रखने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने उपकोषागार का निरीक्षण कर वहां संचालित कार्यों एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार भूपाल गिरी गोस्वामी, राजस्व निरीक्षक विजय पाल महेता, उपनिरीक्षक पंकज सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक गुड्डू उपाध्याय, उपकोषाधिकारी ईश्वर पुरी सहित संबंधित विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।
