Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 14, 2026

चौकी डंगोली में पुलिस ने सीएलजी सदस्यों व वरिष्ठ नागरिकों के साथ की गोष्ठी, साइबर अपराध और नशे के खिलाफ किया जागरूक

साइबर ठगी से बचाव, नशामुक्त समाज और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने नागरिकों से मांगा सहयोग

गरुड़ (बागेश्वर)। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस व आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से चौकी डंगोली में सीएलजी सदस्यों एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में आयोजित इस गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बैजनाथ श्री कैलाश सिंह नेगी ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा उनके शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।

गोष्ठी में बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर नागरिकों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। प्रभारी निरीक्षक ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, फर्जी लिंक अथवा लॉटरी के लालच में न आएं। अपना ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और अन्य गोपनीय विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। उन्होंने साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।

इस दौरान क्षेत्र को नशामुक्त बनाने पर भी जोर दिया गया। पुलिस ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाने के लिए समाज के सभी वर्गों से आगे आने की अपील की। साथ ही अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने का आह्वान किया।

सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने नागरिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा नाबालिगों को वाहन न सौंपने की हिदायत दी गई। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और घरेलू सहायकों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की गई।

गोष्ठी के समापन पर पुलिस ने नागरिकों को किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी दी।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधों की रोकथाम, नशामुक्त समाज के निर्माण और सुरक्षित वातावरण कायम करने में आमजन की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।

You may have missed

Advertisement