अल्मोड़ा में 90 दिन में 10 क्विंटल तक उपज दे रही वीएल मंडुवा 400
अल्मोड़ा । विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा द्वारा विकसित शीघ्र परिपक्व और उच्च उपज वाली मंडुवा किस्म वीएल मंडुवा 400 का प्रक्षेत्र दिवस राष्ट्रीय बीज निगम, दावणगेरे के सहयोग से कर्नाटक के विजयनगर जिले के उज्जैनी गांव में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 150 किसानों, एफपीओ प्रतिनिधियों, राष्ट्रीय बीज निगम के अधिकारियों और संस्थान के वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया। अल नीनो प्रभावित मौसम में गंभीर सूखे के बावजूद वर्षा आधारित खेती में किसान बिना सिंचाई के केवल 90 दिनों में प्रति एकड़ करीब 10 क्विंटल अनाज प्राप्त कर रहे हैं। सुनिश्चित सिंचाई वाले किसानों को करीब 20 क्विंटल प्रति एकड़ तक उपज मिल रही है। क्षेत्र की अन्य लोकप्रिय मंडुवा किस्मों को तैयार होने में करीब पांच महीने लगते हैं। ऐसे में वीएल मंडुवा 400 कम अवधि में फसल तैयार कर किसानों को जलवायु जोखिम घटाने और अतिरिक्त फसल लेने का अवसर देती है। किस्म से अच्छी गुणवत्ता वाला चारा भी मिलता है, जिससे पशुपालन के लिए पौष्टिक आहार और किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत मिलता है। शीघ्र परिपक्वता और नमी की कमी वाली परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन के कारण कर्नाटक में इसका रकबा करीब 70 हेक्टेयर तक पहुंच गया है। प्रक्षेत्र दिवस में संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त ने किसानों और राष्ट्रीय बीज निगम के प्रयासों की सराहना करते हुए संस्थान की अन्य शीघ्र अवधि और जलवायु-सहिष्णु किस्मों को अपनाने का आग्रह किया।
वैज्ञानिक एवं किस्म के विकासकर्ता डॉ. डी.सी. जोशी ने किसानों को आपसी स्तर पर बीज विनिमय को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय बीज निगम, दावणगेरे के क्षेत्र प्रबंधक डॉ. अहमद रजा ने कहा कि वीएल मंडुवा 400 कठिन जलवायु परिस्थितियों में किसानों के लिए भरोसेमंद विकल्प बन रही है। अरुण कुमार ने गुणवत्ता वाले बीज की समय पर उपलब्धता और पूरे कर्नाटक में किस्म के प्रसार के लिए निगम की प्रतिबद्धता दोहराई।
