Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 19, 2026

गोरी नदी के तट पर छह दिवसीय रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण का समापन, 27 छात्रों ने सीखे साहसिक खेलों के गुर

पौधारोपण, स्वच्छता और आपदा प्रबंधन का भी दिया गया प्रशिक्षण, प्रत्येक छात्र को पौधा, स्मृति चिह्न, प्रमाण पत्र और ट्रैकसूट देकर किया सम्मानित

पिथौरागढ़। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद पिथौरागढ़ के प्रायोजन एवं हिमानी एडवेंचर डीडीहाट के संचालन में काजोलजीवी स्थित गोरी नदी के तट पर विजय यात्रा कैंप परिसर में आयोजित छह दिवसीय रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का पौधारोपण एवं पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। 12 नवंबर से आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के 27 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर साहसिक खेलों के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन अवसर पर हिमानी एडवेंचर के अध्यक्ष एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरु रानी ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन से पूर्व पौधारोपण अभियान के 856वें दिन विजय यात्रा कैंप परिसर में पौधारोपण किया गया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को काली एवं गोरी नदी में रिवर राफ्टिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही उन्हें आपदा प्रबंधन की जानकारी देने के साथ हिमालय बचाओ अभियान के तहत स्वच्छता अभियान और पौधारोपण गतिविधियों से भी जोड़ा गया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में यह अपनी तरह का पहला राफ्टिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसमें साहसिक खेलों के प्रशिक्षण के साथ प्रतिदिन हिमालय बचाओ अभियान को भी विशेष महत्व दिया गया। प्रशिक्षणार्थियों ने नदी किनारे सफाई अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही प्रत्येक छात्र को घर के परिसर में पौधारोपण करने के लिए एक पौधा भी दिया गया, ताकि प्रकृति के प्रति उनकी जिम्मेदारी और जागरूकता बनी रहे।

समापन समारोह में रिवर गाइडों की ओर से प्रत्येक प्रतिभागी को एक पौधा, स्मृति चिह्न, प्रमाण पत्र एवं ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया गया। दिनेश गुरु रानी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं में साहसिक पर्यटन के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही हिमालय, नदियों और पर्यावरण के संरक्षण के प्रति प्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

प्रशिक्षण में शामिल छात्रों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें रिवर राफ्टिंग, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काफी कुछ सीखने को मिला है। उन्होंने भविष्य में स्वयं भी प्रकृति संरक्षण के लिए कार्य करने और अन्य लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विजय यात्रा कैंप के संचालक विजयपाल सहित रिवर गाइड मनोहर सिंह ऐरी, विनोद धामी, पदम सिंह, राजेंद्र सिंह, अजय धामी, नवीन राना, दमन, निक्कू, दिव्यांशु एवं धीरज पानू ने सहयोग किया।

You may have missed

Advertisement