March 5, 2026

पंचायत मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी

देहरादून,  ( आखरीआंख ) लोकसभा चुनाव का असर राज्य की त्रिस्तरीय पंचायतों (हरिद्वार जिले को छोड़कर) की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य पर भी पड़ा है। पंचायत मतदाता सूची तैयार करने के लिए नियुक्त कार्मिकों को लोकसभा चुनाव में एआरओ समेत अन्य दायित्वों के निर्वहन के लिए तैनात किए जाने के मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग ने अब पंचायत मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। अब यह 11 अप्रैल को लोस चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के चार दिन बाद 15 अप्रैल से शुरू होकर 12 जुलाई तक चलेगा। पहले इस कार्य के लिए 15 मार्च से 15 जून तक की अवधि तय की गई थी। हरिद्वार को छोड़ राज्य के सभी जिलों में त्रिस्तरीय पंचायतों (ग्राम, क्षेत्र व जिला) का कार्यकाल इसी वर्ष जुलाई में खत्म हो रहा है। इसे देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में प्रथम चरण में पंचायतों की मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कराने के मद्देनजर आयोग ने सात मार्च को अधिसूचना जारी की थी। इसके तहत 15 मार्च से कार्य शुरू होना था, लेकिन 10 मार्च को लोकसभा चुनाव का ऐलान हो गया।