March 4, 2026

प्रशासन की टीम ने छोटी लिनचौली तक हटाई बर्फ पैदल मार्ग पर भारी मात्रा में जमी है बर्फ

रुद्रप्रयाग,  (   आखरीआंख )  वर्ष शीतकाल में केदारनाथ धाम सहित केदारनाथ के यात्रा पड़ावों और पैदल मार्ग पर जमकर बर्फबारी हुई है। केदारनाथ धाम में 15 फीट से अधिक तक बर्फबारी हुई है। जबकि केदारनाथ धाम से गौरीकुंड तक पैदल मार्ग पूरी तरह से बर्फ से ढ़का हुआ है। पैदल मार्ग पर भी जगह-जगह ग्लेशियर बने हुये हैं। प्रशासन के 100 कर्मचारियों एवं मजदूरों की टीम 24 मार्च से बर्फ हटाने का कार्य कर रही है। अभी तक टीम ने छोटी लिनचौली के निकट तक पैदल मार्ग से बर्फ को हटा दिया है। अत्यधिक बर्फबारी होने के कारण टीम को भी काफी दिक्कतें हो रही हैं। बर्फबारी इतनी अधिक है बर्फ को हटाने में भी समय लग रहा है। रामबाड़ा से ऊपर पैदल मार्ग पर अत्यधिक मात्रा में बर्फ जमी हुई है। मार्ग के ऊपरी हिस्से में भी बड़े-बड़े ग्लेशियर बने हुये हैं। हालांकि इन दिनों धूप होने के कारण बर्फ पिघल भी रही है। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि बर्फबारी अत्यधिक हुई है। टीमों ने 24 मार्च से बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। बर्फ हटाने वाली टीम ने छोटी लिनचौली के निकट तक बर्फ हटा दी है। प्रशासन का लक्ष्य है कि शीघ्र ही बर्फ को हटा दिया जाय। रास्ते से बर्फ हटने के बाद ही केदारनाथ धाम में अन्य व्यवस्थाएं सुचारू हो पाएंगी। बर्फ हटने के बाद धाम में संचार, विद्युत, पेयजल आदि की आपूर्ति भी करनी है। जिलाधिकारी ने कहा कि कपाट खुलने तक सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जाएंगी।