March 3, 2026

डॉक्टरों ने लगाया तीमारदारों पर अभद्रता करने का आरोप

चपावत ( आखरीआंख ) जिला अस्पताल चपावत के डॉक्टरों ने तीमारदारों पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायती पत्र सौंप दिया। हालांकि पुलिस ने आरोपी महिला को रात में ही कोतवाली बुलाकर दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता करा दिया है। चपावत जिला अस्पताल में तीमारदारों द्वारा हंगामा करने के कई मामले पूर्व में भी प्रकाश में आते रहे हैं। अबकी बार पहले ही डॉक्टर पुलिस के पास पहुंच गये हैं।
सीएमएस आरके जोशी ने बताया कि बुधवार करीब साढ़े तीन बजे कमला देवी नामक गर्भवती अपने परिजनों के साथ प्रसव के लिए जिला अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों ने समय पूर्व प्रसव होने की जानकारी परिजनों को देने के बाद एक घंटे के भीतर गर्भवती का प्रसव करा लिया गया। शाम करीब साढ़े चार बजे आठ महिलाएं गर्भवती की तीमारदार के रूप में जिला चिकित्सालय पहुंच गई और ड्यूटी में तैनात महिला चिकित्सकों के साथ अभद्रता करने लगी। उन्होंने डॉक्टरों के ऊपर अनर्गल आरोप लगाने शुरू कर दिए। नाराज डॉ. श्वेता खर्कवाल, डॉ. वर्षा रानी और डॉ. विदुषी शर्मा ने कोतवाली पहुंचकर तीमारदारों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायती पत्र सौप दिया। डॉक्टरों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिलाओं को कोतवाली बुलाकर सुलह-समझौता करा दिया।

You may have missed