सरकार की ओर से तीर्थयात्रियों को दी जा रही दो हवाई सेवाएं
रुद्रप्रयाग, ( आखरीआंख ) जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने जनपद में केदारनाथ यात्रा के लिए सेवायें दे रही नौ हैली कम्पनियों के प्रबन्धकों की बैठक ली। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि हैरिटेज व कैरस्टल कंपनियों के टिकट की सौ प्रतिशत बुकिंग जीएमवीएन की साइट में से की जा रही है, जिसमें से 70 प्रतिशत आॅनलाइन जीएमवीएन की साइट व 30 प्रतिशत टिकटों की बुकिंग जीमीवीएन गुप्तकाशी और फाटा से किए जा रहे हैं। अब देश विदेश में बैठे यात्री कहीं से भी अपने टिकट जीएमवीएन की साइट से बुक कर सकते हैं। दोनों ही कंपनियां आज से अपनी सेवाएं देंगी। हैरिटेज व कैरस्टल कम्पनी के दोनो हेलीपैडों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हंै।
हैरिटेज के लिए एबीडीओ अगस्त्यमुनि व कैरस्टल के लिए एई लोनिवि को नियुक्त किया गया है। वर्तमान में जीएमवीएन द्वारा बुक किए जा रहे टिकटों में यात्रियों के टिकट में क्यू आर कोड रहता है, जिसे हेली कम्पनियों द्वारा कोड स्कैन होने के पश्चात ही टिकट जारी किये जाते हैं। इन दोनों नोडल अधिकारी की ड्îूटी है कि वे टिकटों का जांच परीक्षण करने के बावजूद ही यात्री को हेली से यात्रा करने दें। सशंकित टिकट पाये जाने पर तुरंत कारवाई करें। इससे टिकटों को लेकर आ रही शिकायतों का समाधान होगा और ऐसे व्यक्ति की पहचान होने पर तुरंत अरेस्ट कर कारवाई की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि समस्त हेलीपैड में लोकल इन्ट्रानेट के माध्यम से सीसीटीवी कैमरा से जोड़ा जायेगा, जिसे प्रशासन द्वारा नियमित माॅनिटर किया जायेगा। सीसीटीवी कैमरे से हेली कम्पनियों की गतिविधियों पर नजर रहेगी। हेली सर्विस के लिए जिला साहसिक खेल अधिकारी सुशील नौटियाल को नोडल हेली बनाया गया है, इसके साथ ही समस्त हेलीपैडों में हेलीपैड इंचार्ज की नियुक्ति की गई है। साथ ही नोडल हेली को इमरजेन्सी को रोटेशन के आधार पर हेली सर्विस की सेवायें लेने, हेली संचालकों का एक गु्रप बनाकर संचालित करने, पहले दिन की आॅनलाइन बुकिंग का डाटा लेने आदि के निर्देश दिए। ज्ञात हो कि अन्य हेली सर्विसों द्वारा दस प्रतिशत टिकट प्रशासन को दिए जा रहे हैं। इस अवसर पर नोडल हेली एवं साहसिक अधिकारी पर्यटन सुशील नौटियाल, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक एल एस दानू, एबीडीओ अगस्त्यमुनि चक्रधर सेमवाल, एई लोनिवि अजय थपलियाल, तहसीलदार ऊखीमठ श्रेष्ठ गुनसोला, सब नोडल हैली सुरेन्द्र पंवार सहित हैली कम्पनियों के मैनेजर उपस्थित थे।
