April 23, 2026

बसपा ने उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी आरएस कुशवाहा को हटाया

देहरादून,  ( आखरीआंख ) लोकसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद बसपा ने उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी आरएस कुशवाहा को हटा दिया। उनके स्थान पर एमएल तोमर को यह जिम्मा दिया गया है। अब नौ जून को प्रदेश बसपा के सभी पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में चुनावों की हार की समीक्षा के साथ ही आने वाले पंचायत चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। प्रदेश में बसपा का प्रदर्शन लगातार गिरता जा रहा है। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं हो पाई थी। ऐसे में पार्टी की नजरें लोकसभा चुनावों में मत प्रतिशत बढ़ाने पर टिकी हुई थी। प्रदेश में बसपा सपा के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही थी, ऐसे में पार्टी इस बार अच्छे वोट पाने की उम्मीद जता रही थी। चुनावों में आए नतीजों ने बसपा को खासा झटका दिया। बसपा कुल 4.22 प्रतिशत मत ही प्राप्त कर सकी। पार्टी के इस प्रदर्शन से नाराज बसपा प्रमुख मायावती ने बीते रोज उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी आर एस कुशवाहा को हटाकर गाजियाबाद से वरिष्ठ बसपा नेता एमएल तोमर को यह जिम्मेदारी सौंपी है।